अडानी पावर प्लांट में मजदूरों के बीच विवाद के बाद बवाल, जमकर पथराव; TI समेत कई घायल

0
219

रायपुर । राजधानी से लगे खरोरा के रायखेड़ा स्थित अडानी पावर प्लांट में रविवार देर रात मजदूरों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब बिक्री को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट और जमकर पथराव शुरू हो गया।

विवाद के बाद मचा हंगामा

पुलिस के अनुसार, प्लांट में मजदूरों और सुरक्षा गार्डों के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद हुआ था। आसपास के ग्रामीण भी प्लांट क्षेत्र में शराब बिक्री का विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही देर में बड़े विवाद में बदल गई।

पुलिस पर भी किया गया पथराव

हंगामे की सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान भीड़ की ओर से पथराव शुरू हो गया। पथराव में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कुछ सुरक्षा गार्डों के भी घायल होने की बात कही जा रही है।

सरपंच की गाड़ी के शीशे टूटे

घटना के दौरान रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। इसी बीच उनकी गाड़ी भी पथराव की चपेट में आ गई और वाहन के शीशे टूट गए। प्लांट परिसर में तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

रायपुर से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल

स्थिति को बिगड़ता देख रायपुर से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। विधानसभा CSP वीरेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

प्लांट में बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद पावर प्लांट और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्लांट में आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस पथराव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान में जुटी है। विवाद की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here