
रायपुर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 7:15 बजे विधायक एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात बाइक सवार युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच व संबंधित थानों की संयुक्त टीमों को तत्काल जांच में लगाया गया। पुलिस ने आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के साथ ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के सिर्फ 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- मणिकांत ध्रुव
पिता – राजेंद्र ध्रुव
उम्र – लगभग 19 वर्ष
मूल निवासी – जिला बलौदाबाजार-भाटापारा
वर्तमान पता – राजीव नगर, थाना खम्हारडीह, रायपुर
पुलिस के अनुसार, आरोपी कभी-कभी रैपिडो बाइक चालक के रूप में भी काम करता था।
बरामद सामग्री
- छीना गया मोबाइल फोन
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
रायपुर पुलिस ने कहा है कि शहर में होने वाले हर अपराध को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ चोरी एवं छीने गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।



















