
रायपुर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने लूट और वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना आमानाका पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दो बालिग आरोपियों सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार अपचारी बालक भी शामिल हैं।
चाकू की नोक पर लूट की वारदात
पुलिस के अनुसार, 15 और 16 मई की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच रैपिडो बाइक चालक शुभम सेठिया महोबा बाजार से एम्स अस्पताल के लिए सवारी लेकर जा रहा था। इसी दौरान डूमर तालाब चौक के पास 5-6 युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू दिखाकर उसकी बाइक की चाबी छीन ली।
आरोपियों ने शुभम से एक सोने की चेन, एप्पल कंपनी का ब्लूटूथ डिवाइस और पर्स में रखे ₹1,000 लूट लिए। इसके बाद आरोपी उसे जबरन मोहोबा बाजार स्थित एसबीआई एटीएम ले गए, जहां उससे डराकर ₹4,000 और निकलवा लिए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना आमानाका में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मोटरसाइकिल चोरी का भी खुलासा
इसी दौरान डूमर तालाब क्षेत्र से एक होंडा लीवो मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-BC-9166 चोरी होने की शिकायत भी दर्ज हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों घटनाओं में वही आरोपी शामिल थे।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपियों को
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना आमानाका पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- करण यादव (19 वर्ष), निवासी डूमर तालाब, रायपुर
- धनेश्वर निर्मलकर (18 वर्ष), निवासी डूमर तालाब, रायपुर
- 4 अपचारी बालक भी पुलिस अभिरक्षा में
बरामद सामग्री
- 2 धारदार चाकू
- ₹900 नगद
- 1 सोने की चेन
- 1 एप्पल ब्लूटूथ डिवाइस
- चोरी की गई होंडा लीवो मोटरसाइकिल
पुलis ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय और बाल न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



















