
रायपुर शहर में यातायात व्यवस्था संभाल रहे ट्रैफिक पुलिस जवानों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विशेष पहल की गई। रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन और विश्व गीता इस्पात के सहयोग से ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों और जवानों को सेफ्टी जैकेट तथा इको-फ्रेंडली वॉटर बॉटल वितरित किए गए।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कार्यक्रम में ट्रैफिक जवानों को 200 सेफ्टी जैकेट और 220 इको-फ्रेंडली वॉटर बॉटल प्रदान किए।
100 मीटर दूर से दिखेगी जैकेट
वितरित की गई सेफ्टी जैकेट में विशेष रेडियम टेप लगाया गया है, जो रात के समय लगभग 100 मीटर दूर से भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। इससे रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक जवानों की सुरक्षा और दृश्यता बढ़ेगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार की जैकेट जर्मनी और सऊदी अरब की पुलिस द्वारा भी उपयोग की जाती है।
गर्मी में डी-हाइड्रेशन से बचाव
भीषण गर्मी को देखते हुए ट्रैफिक जवानों को ठंडा पानी सुरक्षित रखने के लिए इको-फ्रेंडली वॉटर बॉटल भी दी गईं, ताकि लंबे समय तक धूप में ड्यूटी के दौरान उन्हें डी-हाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
पुलिस कमिश्नर ने की जवानों की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस जवान दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सेफ्टी जैकेट से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, वहीं वॉटर बॉटल जवानों को गर्मी से राहत देने में मददगार साबित होंगी।
समाज के सहयोग को सराहा
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने इस पहल के लिए रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन और विश्व गीता इस्पात का आभार जताया। कार्यक्रम में ट्रैफिक विभाग के कई अधिकारी, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि और ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी उपस्थित रहे।



















