जम्मू-कश्मीर: डोडा में बारिश बनी आफत: फ्लैश फ्लड से मची तबाही, सड़कें मलबे में दबीं, कई वाहन बहकर पहुंचे चिनाब नदी तक

0
62

डोडा में बारिश बनी आफत: फ्लैश फ्लड से मची तबाही, सड़कें मलबे में दबीं, कई वाहन बहकर पहुंचे चिनाब नदी तक

लगातार तीसरी फ्लैश फ्लड की घटना से दहशत, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

डोडा। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार तड़के ठठरी कस्बे में अचानक आई फ्लैश फ्लड ने इलाके में व्यापक तबाही मचाई। तेज बहाव के साथ पहाड़ियों से आया मलबा, विशाल चट्टानें और पत्थर रिहायशी इलाकों तक पहुंच गए, जिससे कई मकान, दुकानें और सड़क किनारे खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आधी रात के बाद तेज बारिश के बीच अचानक पानी और मलबे का बहाव इतना तेज था कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो सड़कें पूरी तरह मिट्टी और पत्थरों से ढकी हुई थीं। कई वाहन मलबे में दबे मिले, जबकि कुछ वाहन तेज बहाव में बहकर दूर चिनाब नदी तक पहुंच गए।

फ्लैश फ्लड का सबसे अधिक असर डोडा–किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ा, जो ठठरी क्षेत्र के पास मलबा आने से पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इससे दोनों जिलों के बीच यातायात बाधित हो गया और कई वाहन घंटों तक फंसे रहे।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़कों से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया, ताकि यातायात जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।

डोडा के उपायुक्त कृष्ण लाल ने बताया कि यह घटना किसी क्लाउडबर्स्ट का परिणाम नहीं, बल्कि लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आई फ्लैश फ्लड है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

गौरतलब है कि पिछले दो दिनों के भीतर डोडा और किश्तवाड़ जिलों में फ्लैश फ्लड की यह तीसरी घटना है। लगातार खराब मौसम और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहने की सलाह दी है।

हालांकि इस प्राकृतिक आपदा में किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन संपत्ति और आधारभूत संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत एवं पुनर्स्थापना कार्य तेजी से जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here