रायगढ़ में बनेगा AI एक्सीलेंस सेंटर, युवाओं को मिलेगी नई तकनीक सीखने की सुविधा

0
9

रायगढ़ के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की आधुनिक तकनीक से जोड़ने और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिले में AI एक्सीलेंस सेंटर विकसित किया जाएगा। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान इसकी घोषणा की।

‘रायगढ़ की AI उड़ान—जागरूकता से नवाचार तक’ थीम पर आयोजित कार्यशाला में 1500 से अधिक युवाओं और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। चौधरी ने बताया कि IIIT नया रायपुर के सहयोग से रायगढ़ में AI से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा। चयनित प्रतिभाशाली युवाओं को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर में युवाओं की जरूरतों के अनुसार AI के लिए समर्पित स्थान विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे युवाओं को नई तकनीक सीखने, प्रयोग करने और अपने विचारों को नवाचार में बदलने का अवसर मिलेगा।

AI से रोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर

वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में AI, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य की तकनीकों पर तेजी से काम हो रहा है। इन क्षेत्रों के विकास से युवाओं के लिए कौशल, रोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे।

कार्यशाला में कक्षा 12वीं के छात्र नैतिक अग्रवाल ने AI यूनिकॉर्न से जुड़े सवाल का सही जवाब दिया। उन्होंने बताया कि AI तकनीक पर काम करने वाले किसी स्टार्टअप का बाजार मूल्य एक अरब डॉलर से अधिक होने पर उसे AI यूनिकॉर्न कहा जाता है। उनके जवाब से प्रभावित होकर वित्त मंत्री ने उन्हें प्रोत्साहन राशि दी।

कार्यशाला में IIIT नया रायपुर के विशेषज्ञों ने AI के शिक्षा, प्रशासन, उद्योग, व्यवसाय, रोजगार और उद्यमिता में इस्तेमाल की संभावनाओं पर जानकारी दी। साथ ही रायगढ़ की स्थानीय समस्याओं के समाधान में AI के उपयोग पर भी चर्चा हुई।

यह पहल रायगढ़ में दीर्घकालिक AI इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here